Raipur News: झांकी के दौरान बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, शराब, कैंची, कड़े, स्टिक किए जब्त, ड्रोन कैमरे से हो रही थी निगरानी
रायपुर। Raipur News: राजधानी में झांकी समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने लगातार निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। घड़ी चौक, आजाद चौक, लाखे नगर और राठौर चौक तक पुलिस की विशेष तैनाती रही।
3 हजार से ज्यादा लोगों के उतरवाए कड़े
झांकी देखने पहुंचे लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों की जांच की। इस दौरान 3 हजार से अधिक लोगों के हाथों से स्टील और लोहे के कड़े उतरवाए गए। पुलिस के मुताबिक, मारपीट या विवाद की स्थिति में इस तरह के कड़े हथियार के तौर पर इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इसी वजह से झांकी समारोह के दौरान ऐसे सामान को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
चाकू, शराब की बोतल और अन्य सामान जब्त
सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस ने कुछ लोगों के पास से चाकू, शराब की बोतल, कैंची, कड़े और स्टिक समेत अन्य सामान भी जब्त किया। पुलिस ने संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मौके पर ही कार्रवाई की। बताया गया कि जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों के पास से चाकू भी बरामद हुए। पुलिस अब जब्त सामान के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।
2 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती
झांकी समारोह को देखते हुए राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। 2 हजार से ज्यादा पुलिस जवानों को शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया गया था। प्रमुख चौक-चौराहों के अलावा झांकी मार्ग और भीड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल लगाया गया। पुलिस की कोशिश रही कि भीड़ के बीच किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो और झांकी समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
क्राइम टीम और ड्रोन से निगरानी
Raipur News: बता दें कि, सिर्फ जमीनी सुरक्षा व्यवस्था तक ही पुलिस सीमित नहीं रही। क्राइम टीम, CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए भी पूरे क्षेत्र पर नजर रखी गई। पुलिस ने भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों और उपद्रव की आशंका वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखी। झांकी समारोह के दौरान सुरक्षा जांच और निगरानी की इस व्यवस्था का उद्देश्य किसी भी संभावित विवाद या आपराधिक घटना को समय रहते रोकना रहा। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग टीमों ने प्रमुख स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की।




