Balrampur Fire News: यहां कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, मंजर देख मची अफरा-तफरी
बलरामपुर। Balrampur Fire News: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित स्टेट बैंक रोड पर मंगलवार सुबह एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा प्रतिष्ठान धुएं और आग से घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दुकान संचालक निहाल जायसवाल ने बताया कि आग से उन्हें करीब 60 से 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य व्यावसायिक सामग्री रखी हुई थी, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
आग बुझाने के दौरान एक समय दमकल वाहन का पानी भी खत्म हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मानवीय पहल करते हुए पानी के टैंकर और बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों का सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
Balrampur Fire News: फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग ने दुकान को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।




