Bendri Dam: बेंद्री डैम में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव, सात दिनों में दूसरी डूबने की घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रायपुर। Bendri Dam: राजधानी के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में रविवार शाम डूबे युवक का शव घटना के करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक के शव को डैम से बाहर निकाला। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान सुधांशु तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ बेंद्री डैम में नहाने गया था। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्काल दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सुधांशु तेज बहाव और गहराई में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। सोमवार सुबह करीब 6 बजे से गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू की। कई घंटों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नदी में सुधांशु का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद उरला पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Road Accident: भीषण हादसा… ट्रेलर-ट्रैवलर की जबरदस्त टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत, 13 घायल
सात दिनों में दूसरी डूबने की घटना
Bendri Dam: बेंद्री डैम में बीते सात दिनों के भीतर डूबने की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद डैम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हादसे लगातार हो रहे हैं। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।




