CG NEWS:महासमुंद में तेंदुए का खौफ,घर में घुसकर परिवार के 6 लोगों पर हमला,3 की हालत गंभीर

प्रविंस मनहर/रायपुर- महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से एक बार फिर दहशत का माहौल है। ग्राम झिटकी में देर रात करीब डेढ़ बजे एक तेंदुआ अचानक एक घर में घुस आया और एक परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में चार पुरुष और दो महिलाएं घायल हुए हैं। अचानक हुए इस हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इस साहसिक कदम के चलते तेंदुए को घर से बाहर निकलने से रोका जा सका और एक बड़ी घटना टल गई।घटना में घायल छह लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया,जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। तेंदुआ अभी कमरे में बंद है और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उसके सुरक्षित रेस्क्यू की तैयारी में जुटे हुए हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है।




