CG BREAKING: बिश्नोई गैंग के नाम पर कांग्रेस नेता को धमकी,रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर समेत 2 गिरफ्तार

प्रविंस मनहर/रायपुर – कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा शोएब ढेबर और एक होटल कर्मचारी शामिल है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिकआरोपियों ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बनकर कांग्रेस नेता से पैसे की मांग की थी। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने अन्य लोगों को भी धमकाया था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं,पुलिस को यह भी शक है कि हाल ही में ढेबर परिवार को बिश्नोई गैंग के नाम से मिले धमकी भरे कॉल और पैसों की मांग के पीछे भी इन्हीं आरोपियों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और आरोपियों का नेटवर्क किन लोगों तक फैला हुआ है। पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी और अब तक की जांच का खुलासा किए जाने के बाद पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।




