Crime News: हत्या की खौफनाक वारदात… संदिग्ध हालत में मिला 5 साल के मासूम का सिर कटा शव, एक हाथ और एक पैर भी गायब
बेगूसराय। Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के धनकौल गांव में पांच दिन से लापता पांच वर्षीय बच्चे का सिर कटा शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे का शव गांव के पास झाड़ियों में मिला। जिसके एक हाथ और एक पैर गायब थे। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क पर उतरकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना के बाद ग्रामीणों ने बरौनी-भगवानपुर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
17 सितंबर को घर से निकला था सुफियान
मृत बच्चे की पहचान धनकौल गांव निवासी मोहम्मद शकील के पांच वर्षीय बेटे सुफियान के रूप में हुई है। बताया गया कि सुफियान चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब चार बजे सुफियान घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने तेघड़ा थाने में बच्चे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी।
कब्रिस्तान के पास मिला शव
मंगलवार को धनकौल गांव में कब्रिस्तान के पास बलान नदी के किनारे से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों को झाड़ियों की ओर से दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर लोगों ने वहां जाकर देखा तो एक बच्चे का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी।
कपड़ों से हुई बच्चे की पहचान
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने बच्चे के कपड़ों के आधार पर शव की पहचान सुफियान के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा थाना पुलिस के साथ स्थानीय डीएसपी और बेगूसराय के एसपी मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के लिए FSL टीम और डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाने के साथ ही बच्चे के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सुफियान की मां शबाना खातून ने बताया कि परिवार मूल रूप से दिल्ली में रहता है। उनके पति भी दिल्ली में काम करते थे। पति की तबीयत खराब होने के बाद करीब तीन महीने पहले वह बच्चे के साथ गांव आई थीं। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में बच्चे की मौत की खबर ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।
हत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच
Crime News: पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की वजह और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह घर से निकलने के बाद कहां गया, इसकी जानकारी जुटाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




