Raipur Road Accident: दो कारों की भीषण टक्कर में उड़े परखच्चे, हादसे में बुजुर्ग की मौत, महिला और 2 बच्चे घायल
रायपुर। Raipur Road Accident: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से भीषण सड़क हादसा हो गया। अग्रसेन धाम चौक के पास एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बलेनो चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
शादी से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, श्याम नगर निवासी एक परिवार नया रायपुर में आयोजित भतीजी की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान अग्रसेन धाम चौक के पास उनकी बलेनो कार को तेज रफ्तार स्कोडा कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार सवार लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए। हादसे में कार चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बलेनो में सवार महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्कोडा कार सवार चार युवक भी घायल
बताया जा रहा है कि स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। टक्कर के दौरान उन्हें भी चोटें आईं। हालांकि, हादसे के बाद चारों युवक अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
Raipur Road Accident: प्रारंभिक जानकारी में घटना को ड्रंक एंड ड्राइव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, स्कोडा कार चालक नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्कोडा कार को जब्त कर लिया है। फरार युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



