Advertisement
क्राइमट्रेंडिंग-न्यूज़बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्यप्रदेश

Gwalior Crime: जिस पति के लिए रखा करवा चौथ का व्रत, उसी ने की पत्नी की हत्या,15 साल पहले की थी लव मैरिज, जानें आखिर क्या थी वजह?

ग्वालियर। Gwalior Crime: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में करवा चौथ के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस पत्नी ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था, उसी की उसके पति ने कथित तौर पर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी आनंद ने अपनी पत्नी मधु श्रीवास्तव के सिर पर मूसली से कई बार हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मधु ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन करके वारदात की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। यह घटना मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर में डिफेंस स्कूल के नजदीक हुई।

Ghaziabad Crime News: करवाचौथ से पहले खूनी वारदात, जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति पर चाकू से किए कई वार

2010 में दोनों ने की थी लव मैरिज

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आनंद और मधु ने साल 2010 में प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। घटना के वक्त बच्चे घर में मौजूद थे। फिलहाल वे बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं, इसलिए पुलिस को दंपती के बीच हुए विवाद के संबंध में अहम जानकारी नहीं मिल पाई है।

जांच के दौरान यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपी ने पहले पत्नी का गला दबाया और फिर मूसली से उसके सिर पर वार किए। हालांकि, घटनाक्रम की पूरी तस्वीर जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी कही जा रही है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस के पहुंचने तक घर के अंदर थी महिला की लाश

स्थानीय निवासी आकाश राणा के मुताबिक, वह घटनास्थल से कुछ दूरी पर रहते हैं। उन्हें थाने से फोन आया था कि उनके इलाके में कोई गंभीर घटना हुई है। सूचना मिलने के बाद वह पुलिसकर्मियों के साथ त्यागी नगर में संबंधित मकान की तलाश में जुट गए। इस दौरान आनंद फोन के जरिए पुलिस के संपर्क में बना रहा। उसने कहा कि पुलिस के आने के बाद ही वह घर का दरवाजा खोलेगा। जब आकाश पुलिस के साथ मकान के भीतर पहुंचे, तब तक मधु की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि महिला के सिर पर गंभीर चोटें थीं। स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि आरोपी पहले एक कुत्ते को मार चुका था। पुलिस इन जानकारियों और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है।

पड़ोसियों ने आरोपी को लेकर किए कई दावे

पड़ोसियों का कहना है कि आनंद बेरोजगार था और उसकी मानसिक स्थिति को लेकर भी लोग बातें करते थे। उनके अनुसार, वह अक्सर घर में तेज आवाज में चिल्लाता था। हालांकि, घटना के दौरान किसी ने भी चीख-पुकार सुनने की बात नहीं कही। वारदात के समय घर के दूसरे कमरे में मधु की भाभी और दोनों बच्चे मौजूद थे। इसके बावजूद उन्हें घटना की भनक कैसे नहीं लगी, यह भी जांच का विषय है।

Bhopal News: करवा चौथ पर पसरा मातम, पति ने ब्यूटी पार्लर ले जाने से किया इंकार, तो नाराज पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, सुसाइड नोट में लिखी ये बात

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Gwalior Crime: महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मकान का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही हत्या की वजह, घटनाक्रम और परिवार के भीतर चल रहे विवादों की जानकारी जुटा रही है।  इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी देखें

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close