छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव के अपडेट आंकडे, 71.48 प्रतिशत हुआ मतदान, रायगढ़ में सबसे ज्यादा तो बिलासपुर में सबसे कम हुई वोटिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में 71.48 फीसद वोटिंग हुई। 2014 के लोकसभा चुनाव में 69.39 फीसद वोट पड़े थे। यानी इस बार 2.09 फीसद अधिक वोट पड़े। रायगढ़ लोकसभा सीट में सर्वाधिक 77.70 फीसद मतदान हुआ और बिलासपुर में सबसे कम 64.36 फीसद। रायगढ़ लोकसभा के विधानसभा क्षेत्र लैलूंगा में सबसे अधिक 81.78 फीसद मत पड़े, जबकि सबसे कम बीजापुर विधानसभा क्षेत्र में सिर्फ 42.20 फीसद।
ज्ञात हो की प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान हुआ। प्रथम चरण में 66.04 फीसद वोट पड़े थे, जबकि 2014 में प्रथम चरण के चुनाव में 59.32 फीसद वोट पड़े थे। इस बार दूसरे चरण में 74.95 फीसद मत पड़े, जबकि 2014 में दूसरे चरण में 73.02 फीसद मत पड़े थे। इस बार तीसरे चरण में 70.72 फीसद वोट पड़े, जबकि 2014 में तीसरे चरण में 69.09 फीसद मत पड़े थे।
विधानसभा और लोकसभा दोनों में इजाफा
पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखा जाए तो इस बार के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मतदान का फीसद बढ़ा है। 2009 के विधानसभा चुनाव में 55.29 फीसद, 2013 में 77.42 फीसद वोटिंग हुई थी। लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव में 76.60 फीसद वोटिंग हुई। यही हाल लोकसभा चुनाव का रहा। 2014 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 2019 के चुनाव में 2.09 फीसद अधिक वोटिंग हुई है।
11 लोकसभा सीटों का तुलनात्मक वोटिंग फीसद
लोकसभा 2014 2019
1-सरगुजा 77.97 77.29
2-रायगढ़ 76.86 77.70
3-जांजगीर चाम्पा 61.55 65.57
4-कोरबा 74.13 75.34
5-बिलासपुर 63.13 64.36
6-दुर्ग 67.89 71.66
7-रायपुर 65.70 65.99
8-बस्तर 59.32 66.04
9-महासमुंद 74.61 74.03
10-राजनांदगांव 74.04 76.03
11-कांकेर 70.22 74.23
कोरबा लोकसभा के छह बूथों पर सौ फीसद पड़े वोट
कोरबा लोकसभा के छह बूथों पर सौ फीसद मत पड़े। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने बताया कि यहां के इलाके दूरस्थ थे, इसलिए चार से 10 वोटरों के लिए भी बूथ बनाए गए थे। कोरबा के भरतपुर सोनहट के बूथ क्रमांक 224 बैरागी, 143 सेरडांड, 184 पलारीडांड, 148 कुर्थी, 157 उढानी और बैकुंठपुर विधानसभा के बूथ नंबर 74 गिरजापुर में सौ फीसद वोट पड़े।
इन लोकसभा के बूथों पर सर्वाधिक महिला वोटरों ने डाले वोट
कोरबा लोकसभा के भरतपुर सोनहट के निगनोहर, गिरधेर, सेरडांड, रेवाला, मझगांव खुर्द में सौ फीसद वोट पड़े। वहीं जीरागांव और राजाआमा में 99 फीसद वोट पड़े।




