
रायपुर : छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने राज्य में अवैध घुसपैठियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि पाकिस्तान से आए सभी नागरिकों को तय समय सीमा के भीतर देश छोड़ना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान से आए हिंदू धर्म मानने वाले शरणार्थियों के मामलों में विशेष मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाएगा।
बांग्लादेशी घुसपैठियों की सूची तैयार, जांच जारी
गृह मंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 1800 बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान की गई है। इनकी गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों को पश्चिम बंगाल पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के हवाले किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अवैध घुसपैठ को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
केंद्र से मांगा मार्गदर्शन, सीमा सुरक्षा पर फोकस
विजय शर्मा ने यह भी कहा कि पाकिस्तान से आए पीड़ित हिंदुओं की स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार से मार्गदर्शन लिया जाएगा, ताकि उचित और संवेदनशील समाधान निकाला जा सके। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि छत्तीसगढ़ की सीमाओं पर सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।




