Deepak Baij On BJP: ‘प्रधानमंत्री को देना चाहिए पद से इस्तीफा’, NEET पेपर लीक पर दीपक बैज का बड़ा बयान, कहा-‘जनता का विश्वास खो चुकी है मोदी सरकार’
रायपुर। Deepak Baij On BJP: NEET पेपर लीक मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्र, युवा और आम जनता सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतर रही है, जो केंद्र सरकार के प्रति बढ़ते जनाक्रोश को दर्शाता है।
दीपक बैज ने कहा कि, दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश के छोटे-बड़े शहरों तक छात्र और युवा लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह आंदोलन केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के भविष्य और व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। बैज ने कहा कि जिस तरह से पूरे देश में सरकार के खिलाफ विरोध बढ़ रहा है, उसे देखते हुए प्रधानमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि किसी मुद्दे पर इतनी बड़ी संख्या में छात्र और युवा एकजुट होकर देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सरकार संवेदनशीलता दिखाने के बजाय बल प्रयोग कर रही है।
Deepak Baij On BJP: दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उन पर सख्ती करना उचित नहीं है और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।




