Bhopal Kanwar Yatra: शिवभक्ति में लीन हुए श्रध्दालु, आज से निकलेगी 4 दिवसीय विशाल कांवड़ यात्रा, नर्मदा जल से होगा भोलेनाथ का महाजलाभिषेक
भोपाल। Bhopal Kanwar Yatra: सावन मास के पावन अवसर पर राजधानी भोपाल में शिवभक्ति की विशेष छटा देखने को मिलेगी। ॐ शिव सेवा भक्त मंडल के तत्वावधान में 31 जुलाई से 3 अगस्त तक चार दिवसीय विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदापुरम पहुंचकर मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर पदयात्रा के माध्यम से भोपाल लौटेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, कांवड़ियों का पहला जत्था 31 जुलाई को दोपहर 2 बजे भोपाल से नर्मदापुरम के लिए रवाना होगा। श्रद्धालु नर्मदा तट से पवित्र जल भरकर पैदल यात्रा करते हुए भोपाल पहुंचेंगे। पूरी यात्रा के दौरान शिवभक्ति के जयघोष और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
3 अगस्त को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
यात्रा का मुख्य आकर्षण 3 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। यह यात्रा प्राचीन श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर, पात्रा पुल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बाबा बटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रद्धालु नर्मदा के पावन जल से भगवान शिव का विशेष महाजलाभिषेक करेंगे। इसके बाद धार्मिक आयोजन का समापन बड़े वाले महादेव मंदिर, कायस्थपुरा में होगा, जहां महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।
भजन, महाआरती और मंत्रोच्चार से गूंजेगा शहर
पूरे आयोजन के दौरान शिव भजन, महाआरती और ‘ॐ नमः शिवाय’ के मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह शिवमय रहेगा। आयोजन समिति ने शहरवासियों और शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा और शोभायात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।
Bhopal Kanwar Yatra: प्रमुख कार्यक्रम
- 31 जुलाई: भोपाल से नर्मदापुरम के लिए प्रस्थान, नर्मदा जल संग्रह और पदयात्रा की शुरुआत।
- 31 जुलाई से 3 अगस्त: नर्मदा तट से भोपाल तक कांवड़ पदयात्रा।
- 3 अगस्त: श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर से शोभायात्रा, बाबा बटेश्वर महादेव में महाजलाभिषेक तथा बड़े वाले महादेव मंदिर, कायस्थपुरा में समापन।




