Breaking news
Advertisement
छत्तीसगढ़बड़ी खबर

CG NEWS : नक्सलक्षेत्र में 5 माओवादी गिरफ्तार, IED विस्फोटक और टिफिन बम बरामद

 

बीजापुर। जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 5 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां थाना मद्देड़, गंगालूर और जांगला क्षेत्र से की गईं।

मद्देड़ थाना क्षेत्र से 1 माओवादी गिरफ्तार

थाना मद्देड़ की कार्रवाई में दुधेड़ा और दम्पाया के बीच जंगल से माओवादी सहयोगी संजय मरपल्ली (उम्र 36 वर्ष), निवासी दम्पाया, को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से विस्फोटक सामग्री, माओवादी वर्दी, पिट्ठू और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद हुई है।

 

गंगालूर से तीन माओवादी गिरफ्तार, IED हमले में थे शामिल

डीआरजी बीजापुर और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम पीड़िया-मुतवेंडी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। मुतवेंडी जंगल में तीन संदिग्धों को विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार माओवादियों की पहचान इस प्रकार हुई:

  • कमलू उर्फ कलमू – निवासी मुनगा मातापारा
  • कोसा भोगाम – निवासी मुनगा नयापारा
  • कोसा तामो – निवासी गमपुर माड़वीपारा

तीनों गंगालूर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और माओवादियों की मिलिशिया इकाई के सदस्य बताए गए हैं। ये तीनों 27 जुलाई 2024 को मुतवेंडी कच्ची सड़क पर हुए IED ब्लास्ट की घटना में शामिल थे, जिसमें एक बालक ईरमा कवासी गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे अपना पैर गंवाना पड़ा था। इनके पास से कार्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी समेत अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

जांगला से टिफिन बम के साथ 1 माओवादी गिरफ्तार

थाना जांगला की टीम ने एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान छोटे तुमनार नयापारा जंगल से एक संदिग्ध को पकड़ा। आरोपी की पहचान सोनाधर पोड़ियाम, निवासी बेंचरम (थाना जांगला) के रूप में हुई है। वह भी माओवादी मिलिशिया सदस्य है। उसके कब्जे से एक टिफिन बम, स्विच और पेंसिल सेल बरामद की गई है।

आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने गिरफ्तार सभी माओवादियों के खिलाफ थाना मद्देड़, गंगालूर और जांगला में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधीक्षक बीजापुर के नेतृत्व में माओवादी विरोधी अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close