
नई दिल्ली। लॉकडाउन में ढील के बाद सोमवार को शराब दुकानों में भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया। इसके अनुसार अब दिल्ली में शराब पर कोरोना टैक्स लगेगा। अब दिल्ली में पहले से 70 फीसद महंगी मिलेगी। यह आदेश मंगलवार से ही लागू होगा। सरकार के आदेश के अनुसार शराब की बिक्री पर स्पेशल कोरोना फ़ीस के नाम से टैक्स लगाया गया है। अब एमआरपी पर 70 फीसदी ये नया टैक्स लगेगा। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह से बढ़ी हुई दरें लागू हो जाएंगी।
इधर, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज कुछ दुकानों पर अफरातफरी देखी गई। अगर हमें शारीरिक दूरी और अन्य नियमों के उल्लंघन के बारे में जानकारी मिलती है तो उस इलाके को सील करना पड़ेगा और छूट वापस ले ली जाएगी। दुकान मालिकों को जिम्मेदारी लेनी होगी। अगर किसी दुकान पर शारीरिक दूरी का उल्लंघन होता है तो दुकान बंद कर दी जाएगी। मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि बाहर निकलते वक्त मास्क लगाएं , शारीरिक दूरी का पालन करें और हाथ धोते रहें।




