Rain Turns Deadly: बारिश बनी आफत…दो अलग-अलग हादसे में आकाशीय बिजली और करंट लगने से दो की मौत, 6 घायल
मुंगेली/ मरवाही । Rain Turns Deadly: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच अलग-अलग जिलों से दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आई हैं। मुंगेली जिले में खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला मजदूर की जान चली गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मुंगेली में खेत में काम करते समय करंट लगने से किसान की मौत
मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिदबीदा में खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान माघी लाल राजपूत (लगभग 60 वर्ष), निवासी ग्राम बिदबीदा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम किया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किसान किस परिस्थिति में करंट की चपेट में आया और हादसे का वास्तविक कारण क्या था।
मरवाही में आकाशीय बिजली का कहर
वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के मड़वाही गांव में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में काम कर रही महिला मजदूर बिजली की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में छह अन्य लोग भी घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं गांव के खेत में रोपा लगाने का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी और सभी इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को मरवाही अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, मौसम विभाग की सतर्क रहने की अपील
Rain Turns Deadly: दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और बिजली के तारों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। दोनों हादसों से प्रभावित गांवों में शोक का माहौल है।




