Deepak Baij On CM House Meeting: हाई लेवल बैठक पर दीपक बैज का दावा, बोले-‘सरकार के भीतर सब कुछ ठीक नहीं,’
रायपुर। Deepak Baij On CM House Meeting: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मंत्रियों की ट्रेनिंग, मुख्यमंत्री निवास में हुई हाई लेवल बैठक, शराब की ओवररेटिंग और किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर सवाल खड़े किए हैं। दीपक बैज ने जुलाई में मंत्रियों की आईआईएम में होने वाली ट्रेनिंग पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्री बनने के बाद उन्हें पहले ही ट्रेनिंग दी गई थी, लेकिन ढाई साल में सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है।
बताया मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच मतभेद की स्थिति
उन्होंने कहा कि, अब ट्रेनिंग लेने के बजाय सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री निवास में हुई हाई लेवल बैठक को लेकर बैज ने दावा किया कि यह बैठक आनन-फानन में बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से मंत्रिमंडल में फेरबदल और इस्तीफों की चर्चा चल रही है। बैठक में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा हुई और कमजोर प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों को इस्तीफा देने की बात कही गई। बैज ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का प्रदर्शन भी कमजोर रहा है और उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच मतभेद की स्थिति है और अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मंत्रिमंडल में बदलाव कब होगा।
शराब की ओवररेटिंग पर बोले बैज
शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर बैज ने कहा कि प्रदेश में शराब की बोतलों पर निर्धारित कीमत से 10 से 80 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह पैसा किसके पास जा रहा है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। साथ ही उन्होंने पूछा कि क्या इस मामले की जांच सीबीआई और ईडी से कराई जाएगी। खरीफ सीजन को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। बैज ने कहा कि प्रदेश के किसान खाद और बीज की कमी से परेशान हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में खाद-बीज का संकट बना हुआ है और सरकार वास्तविक स्थिति छिपाकर झूठे दावे कर रही है। उन्होंने सरकार से अब तक उपलब्ध कराए गए खाद की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर विफल रही है, जबकि भाजपा सरकार इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है।
सीएम ने कहा कोई आपातकालीन बैठक नहीं
Deepak Baij On CM House Meeting: तो वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि,’कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी। आप लोगों को भी मालूम है कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जनादेश प्राप्त कर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 12 वर्ष तक कार्य करने का कीर्तिमान स्थापित किया है। उसी उपलक्ष्य में 12 साल बेमिसाल: विश्वास के, विकास के” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। बैठक में इसी की समीक्षा की गई कि हमारे मंत्रीगण इस कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का क्रियान्वयन किस प्रकार कर रहे हैं।’




