CG Weather Update: पूरे प्रदेश में सक्रिय हुआ मानसून, आज होगी झमाझम बारिश, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आज भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, कम दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में नमी लगातार बनी हुई है। इसके चलते राजधानी रायपुर समेत उत्तर, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिनभर रुक-रुक कर तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा होने की भी संभावना जताई गई है।
CG Weather Update: भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की गई है। प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और आपदा प्रबंधन की टीमों को आवश्यक तैयारियां बनाए रखने को कहा गया है।




