
रायपुर : समाज में भले ही बेटी-बेटा समानता की बात की जाती हो, लेकिन राजधानी में एक महिला के साथ हुई अमानवीय घटना ने इन दावों की सच्चाई को कटघरे में खड़ा कर दिया है। रेखा त्यागी नामक महिला को सिर्फ इसलिए प्रताड़ित किया गया क्योंकि उसने बेटियों को जन्म दिया। इस पूरे मामले को लेकर पीड़िता की मां शारदा त्यागी ने प्रेस वार्ता कर आपबीती साझा की और न्याय की गुहार लगाई।
शादी के बाद से ही प्रताड़ना की शुरुआत
शारदा त्यागी के अनुसार, उनकी पुत्री रेखा त्यागी की शादी वर्ष 1999 में रायपुर के सुंदर नगर निवासी सूर्यकांत त्यागी (पुत्र अमरनाथ त्यागी) से हुई थी। शादी के बाद से ही रेखा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। बेटे की चाह में रेखा का तीन बार जबरन गर्भपात करवाया गया।
चाचा ससुर ने बचाया, लेकिन…
रेखा ने जब प्रताड़ना से तंग आकर अपने चाचा ससुर हरिसिंह त्यागी को अपनी आपबीती बताई, तो उन्होंने उसे सुरक्षित मेरठ मायके भिजवाया। लेकिन वर्ष 2006 में अमरनाथ त्यागी ने रेखा और हरिसिंह को बहलाकर रायपुर बुला लिया। कुछ ही समय बाद हरिसिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जो जांच का विषय है।
बेटी पैदा होने पर बढ़ी प्रताड़ना, कमरे में किया गया कैद
बाद में जब रेखा ने एक बेटी को जन्म दिया, तो प्रताड़ना और बढ़ गई। उसे कमरे में बंद करके, गाली-गलौज और मारपीट की जाने लगी। रेखा और उसकी बेटी पर जान से मारने की धमकियां दी गईं। वहीं नाती को मेरठ भेज दिया गया, क्योंकि वह उन्हें “भोज” लगता था।
वसीयतशुदा भूमि पर कब्जा, अवैध प्लॉटिंग से करोड़ों की धोखाधड़ी
रेखा के नाम ग्राम जोरा की 6.5 एकड़ जमीन, जिसे उसने अपने हक में प्राप्त किया था, उसे अमरनाथ और सूर्यकांत त्यागी ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपने नाम पर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करवा लिया और उस पर अवैध प्लॉटिंग कर बिक्री शुरू कर दी। इससे शासन को करोड़ों की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
पुलिस में शिकायत, लेकिन कार्रवाई शून्य
शारदा त्यागी ने बताया कि तेलीबांधा थाना में पूर्व में इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अमरनाथ त्यागी ने दावा किया था कि उसकी “ऊपर तक पहुंच” है और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
पीड़िता की मांग – हो न्याय, हो कार्रवाई
अब रेखा त्यागी अपने मायके मेरठ में रह रही है और अपने साथ हुई धोखाधड़ी, ज़मीन हड़पने, और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना की न्यायिक जांच और कार्रवाई की मांग कर रही है। वहीं उनकी मां ने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए तत्काल संज्ञान लिया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।




