स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने दबिश देकर आपत्तिजनक हालत में 14 आरोपियों को किया गिरफ्तार…

हरियाणा/ रेवाड़ी- देश में दिन-प्रतिदिन देह व्यापार तेजी से बढ़ रहा है। पुलिस टीम ने धारूहेड़ा चुंगी स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए संचालक सहित चार लड़कों और दस युवतियों को गिरफ्तार किया है। स्पा सेंटर में लंबे समय से देह व्यापार चल रहा था। जगन गेट चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार खूफिया पुलिस विभाग को सूचना मिली थी कि धारूहेड़ा चुंगी स्थित द रिलेक्स नाम के स्पा सेंटर में देह व्यापार चल रहा है। सूचना के आधार पर, एसपी राजेश कुमार ने डीएसपी हंसराज की अगुवाई में महिला थाना प्रभारी अनीता व शहर थाना प्रभारी संजय कुमार की टीम गठित की और एक फर्जी ग्राहक को 1500 रुपये देकर स्पा सेंटर में भेजा। फर्जी ग्राहक का इशारा मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को स्पा सेंटर में युवक-युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस की टीम ने मौके से चार लड़कों और दस लड़कियों को हिरासत में लिया। सभी आरोपित देह व्यापार के धंधे में शामिल थे।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान गांव खोरी निवासी सुनील कुमार, नेपाल निवासी अमित व प्रकाश और असम निवासी सहदुल अली के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि स्पा सेंटर के लिए दुकान मोहल्ला कृष्णा नगर निवासी पवन ने रेवाड़ी निवासी जसवंत से किराए पर ले रखी है। पवन ने खोरी निवासी सुनील को यह जगह स्पा सेंटर चलाने के लिए दी हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ देह व्यापार सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने मौके से पेमेंट करने की एक प्वाइंट आफ सेल मशीन, एक रजिस्टर, कुछ दवाएं बरामद की हैं।
हैरान करने वाली बात ये है की, शहर में खुले कई होटलों व स्पा सेंटरों में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। दूसरे राज्यों से लड़कियों को बुला कर देह व्यापार कराया जा रहा है। धारूहेड़ा चुंगी स्थित स्पा सेंटर से पकड़ी गई लड़कियां असम, बिहार, बंगाल और दिल्ली की रहने वाली है। पुलिस द्वारा लंबे समय के बाद देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इससे पहले भी होटल और स्पा सेंटरों में देहव्यापार के मामले पकड़े जा चुके है। जिले में किसी भी तरह के गैर कानूनी धंधों को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस पूरी चौकसी के साथ आपराधिक तत्वों पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




