Raigarh News: करोड़ों की सिटी बस बनी कबाड़, 20 में से केवल 4 बसें ही सड़कों पर, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
रायगढ़। Raigarh News: शहरवासियों को किफायती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई सिटी बस सेवा आज गंभीर संकट का सामना कर रही है। करोड़ों रुपये की लागत से शुरू हुई यह परियोजना अब अपनी उपयोगिता और प्रबंधन को लेकर सवालों के घेरे में है। हालात यह हैं कि नगर निगम को मिली 20 सिटी बसों में से केवल 4 बसें ही संचालित हो रही हैं, जबकि बाकी बसें लंबे समय से खड़ी-खड़ी खराब हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, कोरोना महामारी के दौरान बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण अधिकांश बसें धीरे-धीरे अनुपयोगी होती चली गईं। कई बसों से जरूरी उपकरण और पार्ट्स गायब हो गए, जबकि कुछ वाहनों की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें दोबारा चालू करने के लिए भारी खर्च की आवश्यकता होगी।
रखरखाव के अभाव में बढ़ी परेशानी
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय तक निष्क्रिय रहने के कारण कई बसों के टायर, सीटें, स्टेयरिंग और अन्य महत्वपूर्ण हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए या चोरी हो गए। नगर निगम ने कुछ बसों को दोबारा संचालन योग्य बनाने के लिए लगभग 90 लाख रुपये खर्च किए हैं, लेकिन शेष बसों को चालू करने के लिए और अधिक राशि की जरूरत पड़ सकती है।
Raipur Fire News: राजधानी के MG रोड स्थित जय ऑटोमोबाइल में लगी भीषण आग, मौके पर मची अफरा-तफरी
यात्रियों पर बढ़ा निजी परिवहन का बोझ
Raigarh News: सिटी बस सेवा के सीमित संचालन का सीधा असर आम लोगों पर पड़ा है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब निजी बसों और अन्य वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई यात्रियों का आरोप है कि निजी परिवहन संचालकों द्वारा मनमाने किराए वसूले जा रहे हैं, जिससे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। अब सभी की निगाहें नगर निगम प्रशासन पर टिकी हैं कि वह सिटी बस सेवा को फिर से पूरी तरह संचालित करने और करोड़ों रुपये की इस परियोजना को बचाने के लिए क्या कदम उठाता है।




