MP Crime News: दिल दहला देने वाली वारदात, हैवान पति ने पत्नी की हत्या कर 2 बच्चों को तालाब में फेंका, जानें वजह
इंदौर। MP Crime News: कनाड़िया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बेहद गंभीर और दर्दनाक घटना सामने आई। झलारिया गांव में रहने वाले 37 वर्षीय एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने और इसके बाद दोनों बच्चों को तालाब में फेंकने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पत्नी की हत्या का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान सुनील चौहान (37) के रूप में हुई है। वह ड्राइवरी का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, उसकी 32 वर्षीय पत्नी अनीता बाई के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। सोमवार रात विवाद के बाद महिला पर हमला किया गया। पुलिस को महिला के शरीर पर चोट और धारदार हथियार के निशान मिले हैं। आरोपी से पूछताछ के दौरान सामने आया कि घटना के बाद वह बच्चों को लेकर हिंगोनिया गांव के पास स्थित एक तालाब पहुंचा।
दोनों बच्चों को तालाब में फेंकने का आरोप
आरोप है कि सुनील ने अपने 10 वर्षीय बेटे अजय और 8 वर्षीय बेटी माही को तालाब में फेंक दिया। हालांकि, अजय किसी तरह पानी से बाहर निकलने में कामयाब रहा। उसने वहां से गुजर रही पुलिस की FRV टीम को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्चे की सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी को झलारिया इलाके से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी और बच्चों से जुड़ी घटना के बारे में जानकारी दी।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
बेटी के तालाब में होने की जानकारी मिलने के बाद SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। रात करीब ढाई बजे से तलाशी अभियान शुरू किया गया। कई घंटे की तलाश के बाद टीम ने बच्ची माही का शव तालाब से बरामद कर लिया। पुलिस, SDRF, FSL और अन्य अधिकारियों की टीम पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रही। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पारिवारिक विवाद की बात सामने आई
पुलिस की शुरुआती जांच में पत्नी के अन्य लोगों से बातचीत करने को लेकर दंपती के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी इस पहलू समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
भागने की फिराक में था आरोपी
MP Crime News: पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी इलाके से निकलने की कोशिश कर रहा था। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वह वहां मौजूद नहीं था। उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई और बाद में उसे इलाके में घूमते हुए पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मृतका और बच्ची के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। बेटे अजय के बयान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।




