Petrol-Diesel Prices Hike: महंगाई की एक और मार…5 रुपए महंगा हुआ पेट्रोल, तो डीजल के भी बढ़े दाम, इस कंपनी ने किया कीमतों में इजाफा
नई दिल्ली। Petrol-Diesel Prices Hike: देश की प्रमुख निजी ईंधन खुदरा कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। नई दरें शनिवार से कंपनी के देशभर में संचालित ईंधन स्टेशनों पर लागू होने की जानकारी सामने आई है।
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर
रिपोर्टों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते कंपनी ने यह फैसला लिया है। नायरा के अनुसार, बढ़ती लागत का असर ईंधन की खुदरा कीमतों पर पड़ा है। नायरा की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी ईंधन की कीमतों को बाजार में होने वाले बदलावों के अनुरूप संशोधित करती है।
सरकारी तेल कंपनियों की कीमतों से अलग फैसला
इस बढ़ोतरी का असर खास तौर पर नायरा के पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा। वहीं, रिपोर्टों के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने इस समय पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में इसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की है। सरकारी कंपनियां देश के अधिकांश पेट्रोल पंपों का संचालन या नियंत्रण करती हैं। इस वजह से निजी और सरकारी ईंधन विक्रेताओं के पंपों पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर बढ़ सकता है।
इससे पहले भी बढ़ाए गए थे दाम
नायरा एनर्जी ने इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उछाल के बीच पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। बाद में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद कंपनी ने उस बढ़ोतरी को वापस ले लिया था। अब एक बार फिर ईंधन की कीमतों में संशोधन किया गया है।
ईंधन की बिक्री सीमित करने का मुद्दा भी आया था सामने
हाल के दिनों में निजी ईंधन खुदरा विक्रेताओं के कुछ आउटलेट्स पर बिक्री सीमित किए जाने की खबरें भी सामने आई थीं। रिपोर्टों के अनुसार, खुदरा और थोक डीजल कीमतों में अंतर के कारण औद्योगिक ग्राहक खुदरा पंपों से ईंधन खरीदने लगे थे, जिससे कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति पर दबाव बढ़ा था। सरकार ने निजी ईंधन विक्रेताओं से अपने आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री सीमित नहीं करने को कहा था।
देशभर में बड़ा रिटेल नेटवर्क
Petrol-Diesel Prices Hike: नायरा एनर्जी की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कंपनी देशभर में बड़ा फ्यूल रिटेल नेटवर्क संचालित करती है और गुजरात के वडीनार में उसकी रिफाइनरी भी है। कंपनी की वेबसाइट पर ईंधन की कीमतों और नजदीकी रिटेल आउटलेट की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कीमतों को लेकर उतार-चढ़ाव जारी है। आगे अन्य निजी ईंधन कंपनियां कीमतों में क्या बदलाव करती हैं, इस पर भी नजर रहेगी।
STORY | Nayara Energy hikes petrol price by Rs 5, diesel by Rs 3
Nayara Energy, India’s largest private fuel retailer, has raised petrol prices by Rs 5 per litre and diesel by Rs 3 with immediate effect, seeking to narrow the gap between retail prices and rising international oil and refined-product costs, people familiar with the matter said.
READ: https://t.co/LJImnYi7E5
— Press Trust of India (@PTI_News) October 3, 2026




