Gariyaband Double Murder: जिले में डबल मर्डर से सनसनी.. पति-पत्नी की हत्या कर एक साथ दफनाए शव, कब्र ने खोले राज

गरियाबंद। Gariyaband Double Murder: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र के गरीबा गांव में दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर उनके शवों को श्मशान घाट में एक साथ दफना दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब गांव के लोग एक अन्य मृतक के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे।
CG Lightning Death: मानसून के साथ बरसी मौत, जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, 5 गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की नजर श्मशान घाट में हाल ही में दफनाए गए एक संदिग्ध स्थल पर पड़ी। ताजा खुदाई देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा खुदाई कराए जाने पर जमीन के भीतर से पति-पत्नी के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान गांव निवासी राजाराम और उनकी पत्नी आशो बाई के रूप में हुई है। दोनों पिछले एक सप्ताह से लापता थे और परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों शवों को एक ही बोरे में लपेटकर दफनाया गया था। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने डंडे से पीट-पीटकर पति-पत्नी की हत्या करने और शवों को श्मशान घाट में दफनाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Gariyaband Double Murder: घटना के खुलासे के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




