Mumbai News: बड़ा हादसा…झोपड़ियों पर गिरा पहाड़ का हिस्सा, 6 लोगों की मौत, मची चीख-पुकार
मुंबई। Mumbai News: मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार तड़के घाटकोपर पश्चिम के अशोकनगर इलाके में बड़ा हादसा हो गया। नवाज चॉल क्षेत्र में लोग गहरी नींद में थे, तभी पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसककर झोपड़ियों पर जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां रहने वाले लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। भूस्खलन की चपेट में करीब 6 से 7 झोपड़ियां आ गईं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के बाद मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
हादसे में 6 लोगों की मौत
भूस्खलन के बाद मलबे से कई लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन हादसे में 6 लोगों की जान चली गई। राजावाड़ी अस्पताल की सीएमओ डॉ. शीतल राउत ने बताया कि मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), अज्ञात (45), अबान आरिफ शेख (2), मन्नत आरिफ शेख (4) और मर्जिना आरिफ शेख (27) को अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया। कुर्ला भाभा अस्पताल के एमएस डॉ. वर्मा ने बताया कि हादसे में घायल सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) का इलाज किया जा रहा है और सभी की हालत स्थिर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया।
NDRF और दमकल की टीमें मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, मुंबई महानगरपालिका, दमकल विभाग और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहतकर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की। अब तक करीब 5-6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल तक पहुंचने वाला रास्ता काफी संकरा होने के कारण बचाव दल को भारी मशीनरी और उपकरण पहुंचाने में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद राहत एवं बचाव अभियान जारी रखा गया।
बारिश बनी भूस्खलन की वजह
DCP गणेश शिंदे के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण अशोकनगर इलाके में पहाड़ी का हिस्सा खिसक गया। उन्होंने बताया कि BMC, NDRF, दमकल विभाग और पुलिस समेत विभिन्न एजेंसियों की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। इसी बीच कुर्ला इलाके में भी भूस्खलन की एक अन्य घटना सामने आई। चिराग नगर स्थित गौसिया चाल के पास सुबह करीब 3:48 बजे भूस्खलन होने की सूचना मिली।
Amit Shah: ‘सदन में कल दूंगा मैं सभी सवालों के जवाब’-केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
प्रशासन पर उठे सवाल
Mumbai News: घटना के बाद इस हादसे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। संगठन का दावा है कि संवेदनशील क्षेत्र में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया, जिसके चलते हादसे में जानमाल का नुकसान हुआ। घटनास्थल पर मुंबई की मेयर रितु तावड़े और अतिरिक्त नगर आयुक्त (पूर्वी उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकने समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को खत्म करना और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाना है।




