Korba News: मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा के विकास को मिली नई रफ्तार, 12 विकास कार्यों के लिए 1.50 करोड़ रुपये की मंजूरी
कोरबा। Korba News: नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोरबा नगर के विभिन्न वार्डों में 12 विकास कार्यों के लिए कुल 1.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। यह राशि अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि के तहत स्वीकृत की गई है। प्रस्तावित कार्यों में नाली और कलवर्ट निर्माण के साथ सामुदायिक भवन, घाट, शेड, बाउंड्रीवॉल और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़े काम शामिल हैं।
इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में जल निकासी व्यवस्था, सामुदायिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों की अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इन 12 कार्यों को मिली मंजूरी
1. वार्ड क्रमांक 44, नेहरूनगर बालको
शिव बालक तोमर के घर से सुरेंद्र के घर तक आरसीसी कवर्ड नाली और कलवर्ट निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
2. वार्ड क्रमांक 07, खांटी मोहल्ला
शिव मंदिर के पास सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की मंजूरी मिली है।
3. वार्ड क्रमांक 07, धनुवारपारा गढ़ी मोहल्ला
नदी किनारे घाट निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
4. वार्ड क्रमांक 58, साडा कॉलोनी दर्री
कबीर भवन के पीछे सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
5. वार्ड क्रमांक 26, पं. रविशंकर शुक्ल नगर
कृष्णानगर स्थित चित्रगुप्त मंदिर के पास बाउंड्रीवॉल और अन्य विस्तार कार्यों के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
6. वार्ड क्रमांक 36, रिसदी
राजवाड़े दुकान के समीप पंडाल के पास शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
7. वार्ड क्रमांक 28, बुधवारी
साईं गजानन मंदिर के पास डोम शेड निर्माण और अन्य विस्तार कार्यों के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
8. वार्ड क्रमांक 60, दर्री टांगामार
कोटवार घर के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
9. वार्ड क्रमांक 41, डुग्गूपारा बालको
उबकापारा तालाब के सौंदर्यीकरण और अन्य विस्तार कार्यों के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
10. वार्ड क्रमांक 15, पंप हाउस
झरनापारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
11. वार्ड क्रमांक 31
राधा कृष्ण मंदिर के पास सामुदायिक भवन और बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
12. वार्ड क्रमांक 08, मोतीसागर पारा
मुक्तिधाम के पास कलवर्ट और नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
मूलभूत सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
Korba News: इन परियोजनाओं के जरिए कोरबा के अलग-अलग वार्डों में स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे। नाली और कलवर्ट बनने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है, जबकि सामुदायिक भवन, शेड और सांस्कृतिक मंच जैसे कार्यों से नागरिकों को सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाएं मिलेंगी। तालाब और अन्य सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से शहर के वातावरण और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार आने की उम्मीद है। विकास कार्यों को मिली इस स्वीकृति से संबंधित वार्डों के रहवासियों में भी सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद जगी है।



