Katgodi Murder Case: कोरिया हत्याकांड में करणी सेना-शिवसेना की एंट्री, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, की CBI जांच की मांग
कोरिया। Katgodi Murder Case: कोरिया जिले के बहुचर्चित कटगोड़ी हत्याकांड ने अब नया राजनीतिक और सामाजिक मोड़ ले लिया है। मामले में करणी सेना और शिवसेना के पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। रायपुर से पहुंचे दोनों संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
दोषियों को कठोरतम सजा की मांग
परिवार से मुलाकात के बाद करणी सेना और शिवसेना के पदाधिकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) से कराने की मांग की गई है। साथ ही आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की भी मांग रखी गई।
संगठनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच होना बेहद जरूरी है ताकि घटना के सभी पहलू सामने आ सकें और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
Katgodi Murder Case: गौरतलब है कि कटगोड़ी हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। घटना में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगने से दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का उपचार बिलासपुर स्थित अस्पताल में जारी है।
Katgodi Murder Case: पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कई अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में लगातार आक्रोश का माहौल बना हुआ है और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज होती जा रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




