Rahul Gandhi On E-20 Petrol Policy: ‘दाल में कुछ काला’ नहीं, बल्कि ‘पूरी दाल ही काली है’, E20 पेट्रोल पॉलिसी पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला
नई दिल्ली। Rahul Gandhi On E-20 Petrol Policy: पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर केंद्र सरकार की E20 नीति पर राजनीतिक विवाद तेज होता नजर आ रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस नीति को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए तंज कसा कि इस मामले में सिर्फ ‘दाल में कुछ काला’ नहीं, बल्कि ‘पूरी दाल ही काली है।’ राहुल गांधी ने अपने बयान में E20 पेट्रोल यानी पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रण की नीति को लेकर आम वाहन चालकों की परेशानियों का मुद्दा उठाया।
E20 को लेकर राहुल गांधी ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा बढ़ाने से आम लोगों और वाहन मालिकों पर आर्थिक असर पड़ रहा है। उनका दावा है कि E20 ईंधन के इस्तेमाल से कुछ वाहनों में माइलेज प्रभावित होने के साथ-साथ इंजन की कार्यक्षमता और उम्र को लेकर भी चिंताएं सामने आ रही हैं। राहुल गांधी का कहना है कि सरकार को इस नीति के कारण आम उपभोक्ताओं को होने वाले संभावित नुकसान और उन्हें मिलने वाले फायदे को स्पष्ट करना चाहिए।
‘जनता की जेब पर बढ़ रहा बोझ’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि E20 ब्लेंडिंग के कारण वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस नीति से उपभोक्ताओं को नुकसान या अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, तो सरकार की ओर से आम जनता को इसके बदले मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभ की स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है। उन्होंने सरकार से E20 नीति को लेकर पारदर्शिता बरतने और जनता के सामने इसके प्रभावों की जानकारी रखने की मांग की।
एथेनॉल ब्लेंडिंग पर लगातार सियासत
Rahul Gandhi On E-20 Petrol Policy: पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की नीति पिछले कुछ समय से राजनीतिक बहस का विषय बनी हुई है। सरकार की ओर से एथेनॉल ब्लेंडिंग को ऊर्जा सुरक्षा, पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया जाता रहा है। वहीं विपक्ष की ओर से इसके प्रभाव, खासकर वाहन मालिकों के माइलेज और खर्च से जुड़े सवाल उठाए जा रहे हैं।




