Road Accident: भीषण हादसा… ट्रेलर-ट्रैवलर की जबरदस्त टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत, 13 घायल
चूरू। Road Accident: राजस्थान के चूरू जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीर्थ यात्रा पर निकले परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सुजानगढ़ सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर स्थित बोबासर पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रैवलर वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैवलर पलट गई और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में दो सगी बहनों सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सालासर दर्शन के बाद पुष्कर जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी एक ही परिवार के करीब 20 सदस्य धार्मिक यात्रा पर राजस्थान आए थे। परिवार 1 अगस्त को जयपुर पहुंचा था। इसके बाद उन्होंने खाटूश्यामजी के दर्शन किए और सोमवार सुबह सालासर बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पुष्कर के लिए रवाना हुए। रास्ते में बोबासर पुलिया के पास यह हादसा हो गया।
ओवरटेक की कोशिश बनी हादसे की वजह
पुलिस के मुताबिक, ट्रेलर सालासर की ओर जा रहा था, जबकि ट्रैवलर पुष्कर की दिशा में बढ़ रही थी। इसी दौरान ट्रेलर चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैवलर से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रैवलर सड़क किनारे पलट गई, जबकि ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए हाईवे से नीचे की ओर लटक गया।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सुशीला साहू (70), उर्मिला साहू (65) और आनंदी कहार (16) के रूप में हुई है। सभी मृतक पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी थे। सुशीला और उर्मिला आपस में सगी बहनें थीं, जबकि आनंदी उनकी रिश्तेदार थी।
राहत एवं बचाव कार्य में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल किशोरी आनंदी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में घायल तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीकर रेफर किया गया है।
CG Cabinet Meeting: साय कैबिनेट की बैठक कल, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
फरार चालक की तलाश जारी
Road Accident: पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच भी की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में शोक का माहौल है।




