Ujjain Crime News: धर्मनगरी में दुष्कर्म की घिनौनी वारदात…पानी में नशीला पदार्थ मिलाक नाबालिग से गैंगरेप और फिर..
उज्जैन। Ujjain Crime News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। चिमनगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ पांच युवकों द्वारा दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला उस समय सामने आया, जब दो दिनों से लापता किशोरी घर वापस पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और मामले में कार्रवाई शुरू हुई।
26 सितंबर को लापता हुई थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, किशोरी 26 सितंबर को घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 28 सितंबर को चिमनगंज थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके दो दिन बाद, 30 सितंबर को किशोरी घर लौटी। पुलिस के मुताबिक, उस समय उसकी हालत खराब थी। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
मेडिकल जांच के बाद दर्ज हुआ मामला
परिजनों की शिकायत और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। पुलिस ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग आरोपी है, जिसे पूछताछ के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। वहीं, 19 वर्षीय आरोपी लक्की को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह महावीरनगर क्षेत्र का रहने वाला है। उसे न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
तीन नाबालिग आरोपियों की तलाश
Ujjain Crime News: एएसपी आलोक शर्मा के मुताबिक, वारदात में कुल पांच आरोपियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें चार नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है, जबकि एक आरोपी बालिग है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य नाबालिग आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच और तलाश अभियान जारी है।




