बजट में लड़कियों के लिए बड़ी सौगात, रानी दुर्गावती योजना की होगी शुरुआत, मिलेंगे डेढ़ लाख रुपए
रायपुर। Chhattisgarh SANKALP Budget 2026: वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के कार्यकाल तीसरा बजट पेश कर रहे हैं। यह बजट पहली बार नए विधानसभा में पेश किया जा रहा है। इस बजट में सरकार ने बेटियों के लिए खास ऐलान किया है। जिसके तहत अब छत्तीसगढ़ रानी दुर्गावती योजना में कन्याओं के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए उनकी आर्थिक रूप से मदद की जाएगी। इस योजना के तहत 18 वर्ष पूरी होने पर लड़कियों को 1.50 लाख रूपये का वित्तीय राशि प्रदान की जाएगी।
डिजिटल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, एक समय नेटवर्क सुविधा के लिए संघर्ष करने वाले बस्तर क्षेत्र में अब केंद्र सरकार द्वारा 500 नए मोबाइल टावर स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। बस्तर और सरगुजा दोनों ही भौगोलिक दृष्टि से बड़े संभाग हैं, इसे ध्यान में रखते हुए कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया है।
परिवहन और पर्यटन
Chhattisgarh SANKALP Budget 2026: मुख्यमंत्री बस योजना के अंतर्गत 70 नई बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही कहा गया कि,पहले भय के कारण लोग बस्तर जाने से परहेज करते थे, लेकिन अब इसे पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरगुजा अंचल के मैनपाट में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि बस्तर और सरगुजा दोनों संभागों में एक नई सोच और समावेशी विकास मॉडल के साथ आगे बढ़ा जा रहा है।




