UP Road Accident: पलक झपकते ही तबाह हुआ परिवार, डंपर की टक्कर से 3 लोगों की मौत, दो बच्चे घायल
पीलीभीत। UP Road Accident: पूरनपुर-खुटार हाईवे पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। चीनी मिल के पास तेज रफ्तार डंपर ने सामने से जा रही कार को टक्कर मार दी। हादसे के समय कार में उत्तराखंड के शक्ति फार्म से उत्तर प्रदेश के पलिया जा रहा एक परिवार सवार था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो बच्चे घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार में सवार थे पांच लोग
पुलिस के मुताबिक, कार में साधना गायन (45), उनकी 65 वर्षीय सास, देवर तारक (35) और दो बच्चे सवार थे। हादसे के वक्त कार तारक चला रहे थे। डंपर की टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चला रहे तारक स्टेयरिंग के बीच फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में महिला और सास की भी मौत
दुर्घटना में साधना गायन और उनकी सास की भी मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही शक्ति फार्म में परिजनों और परिचितों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दो बच्चे घायल, बेटी की हालत गंभीर
हादसे में साधना की 16 वर्षीय बेटी खुशबू और 14 वर्षीय बेटा सनातनु भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि खुशबू की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि सनातनु का भी उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों बच्चों का इलाज किया जा रहा है।
डंपर और कार पुलिस के कब्जे में
UP Road Accident: हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। क्षतिग्रस्त कार और डंपर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पूरनपुर के क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य के मुताबिक, तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और डंपर की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।



