SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग पहुंचा,समय बढ़ाने की मांग

प्रविंस मनहर/रायपुर- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आईएएस भोस्कर विलास संदीपन से मुलाकात कर अपनी आपत्तियाँ और सुझाव सामने रखे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कई स्थानों पर दस्तावेजों की उपलब्धता और तकनीकी खामियों की समस्या सामने आई है। इन कारणों से बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता, जो पूरी तरह योग्य हैं, प्रक्रिया से वंचित रह गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग से SIR की दावा-आपत्ति की तिथि बढ़ाने की मांग की, ताकि वंचित मतदाताओं को दोबारा अवसर मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने सलवा जुडुम के दौरान अपने गांवों से विस्थापित लोगों और अंतरराज्यीय प्रवासी श्रमिकों के लिए अलग और विशेष प्रक्रिया अपनाने की भी मांग रखी।कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि कोई भी योग्य नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया है।




