“पुत्री को मार डालो, वरना आग लगाते रहेंगे”, गैंगरेप पीड़िता के घर उपद्रवियों ने लगाई आग
पर्ची छोड़ दी धमकी, डरी सहमी पीड़िता ने मांगी सुरक्षा

गौड़ाबौराम (दरभंगा): बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव में उपद्रवियों ने गैंगरेप पीड़िता के घर को रविवार देर रात आग के हवाले कर दिया। घटना के वक्त परिवार के लोग घर में सो रहे थे, लेकिन किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले पीड़िता खेत से लौट रही थी तभी चार लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया था। पुलिस ने मामले में चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पीड़िता की मां ने बताया कि उपद्रवियों ने घर में आग लगाने के बाद आंगन में एक पर्ची फेंक दी। उसमें लिखा था — “अपनी पुत्री को मार डालो, नहीं तो इसी तरह से घर में आग लगाते रहेंगे।”
पीड़िता ने बताया कि उपद्रवी दो दिन पहले भी घर में आग लगा चुके हैं। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश होना है। परिवार का आरोप है कि गवाही से पहले दबाव बनाने के लिए उपद्रवी पूरे परिवार को खत्म करना चाहते हैं।
डरी सहमी पीड़िता ने थानाध्यक्ष से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि भूसा घर में आग लगी थी और मामले की जांच की जा रही है।




