Vaishno Devi Yatra: वैष्णो देवी में उमड़ा भक्तों का सैलाब, एक हफ्ते में 3 लाख श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन, स्थानीय कारोबारियों के खिले चेहरे
कटरा। Vaishno Devi Yatra: गर्मी की छुट्टियों के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देशभर से बड़ी संख्या में भक्त जम्मू-कश्मीर के त्रिकुटा पर्वत स्थित माता के दरबार पहुंच रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में 3 लाख से अधिक श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा मार्ग और कटरा क्षेत्र में काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
वहीं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर यात्रा से जुड़ी सुविधाओं पर भी दिखाई दे रहा है। हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे और भवन क्षेत्र में उपलब्ध आवासीय कमरे लगभग पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। कई श्रद्धालुओं को तत्काल बुकिंग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा के दौरान भीड़ को देखते हुए प्रशासन और माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने व्यवस्थाओं को और मजबूत किया है। सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्राइन बोर्ड ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ऑनलाइन पोर्टल और आधिकारिक माध्यमों से यात्रा की वर्तमान स्थिति, आवास उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इससे उन्हें बेहतर यात्रा योजना बनाने में मदद मिलेगी और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा।
Vaishno Devi Yatra: हर साल की तरह इस बार भी गर्मी की छुट्टियों में माता वैष्णो देवी यात्रा में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु माता रानी के जयकारों के साथ कठिन चढ़ाई तय कर भवन पहुंच रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं देश की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। तो वहीं श्रध्दालुओं को बढ़ती संख्या से स्थानीय कारोबारियों को भी फायदा मिल रहा है। होटल, गेस्ट हाउस, ढाबे, रेस्टोरेंट और दुकानों पर अच्छी खासी रौनक देखने को मिल रही है। कारोबारियों का कहना है कि, ऐसे ही रफ्तार बनी रही तो पर्यटन और व्यापार दोनों को बड़ा फायदा मिलेगा।



