CG BREAKING:राहुल गांधी मानसिक संतुलन खो चुके हैं,मोदी को हरा नहीं पा रहे इसलिए जनता को परेशान कर रहे हैं:रवि किशन

प्रविंस मनहर/रायपुर- छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे बीजेपी सांसद रवि किशन ने दिल्ली में कांग्रेस और INDIA गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में हराने में नाकाम रहने के बाद विपक्ष अब ऐसे प्रदर्शनों के जरिए जनता को परेशान कर रहा है। रवि किशन ने राहुल गांधी के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और अब मारपीट पर उतारू हो गए हैं।बीजेपी सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, लेकिन अब वह भारत को फिर से पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के आंदोलन के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है और लोग अपने कामकाज तथा नौकरी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। रवि किशन ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का सम्मान बढ़ा है।
विपक्ष पर संसद नहीं चलने देने का आरोप
रवि किशन ने विपक्षी नेताओं पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय विरोध-प्रदर्शन में लगा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नवंबर में भी विपक्ष संसद की कार्यवाही नहीं चलने देगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब ईवीएम या वोट चोरी को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते?
विकास के मुद्दों पर लड़ाई लड़ने की दी सलाह
बीजेपी सांसद ने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए उसके पास क्या रोडमैप है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के नाम पर सड़क जाम करना उचित नहीं है। विपक्ष को विकास के मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए और जनता को परेशान करने से बचना चाहिए। रवि किशन ने कहा कि जनता ऐसी सरकार चाहती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और लोगों की आवाज सुनी जाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि वहां भी बीजेपी की सरकार बनेगी। रवि किशन के इस बयान के बाद दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन और कांग्रेस की रणनीति को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।




