CG Road Accident: भीषण हादसा…पिकअप और ऑटो की जोरदार भिड़ंत, 3 महिलाओं की मौत, कई घायल
कोरिया। CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा पटना-पंडोपारा मार्ग पर रात करीब 7:20 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, एक ऑटो में करीब 13 से 14 लोग सवार होकर तेरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पिकअप ने पहले सड़क पर एक बैल को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर ऑटो से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि ऑटो के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क से करीब दो फीट अंदर जा घुसा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
तीन महिलाओं की मौत, कई घायल
हादसे में तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं 8 से 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में 2 से 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है।
अस्पताल पहुंचा प्रशासन और कांग्रेस जिलाध्यक्ष
CG Road Accident: घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। वहीं जिला प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारियों को अस्पताल भेजकर स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन और चालक को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।



