Advertisement
ट्रेंडिंग-न्यूज़देशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

PM Modi Video Call: PM मोदी से बात कर भावुक हुए कैप्टन स्मित, पीएम ने कहा- ‘आप मेरे सामने भावुक नहीं होंगे, तो फिर कहाँ होंगे’

नई दिल्ली। PM Modi Video Call: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कथित कॉकपिट हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी, धैर्य और संकट की स्थिति में दिखाई गई सूझबूझ की सराहना की। पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है।

No UPI Day: आज घर से निकलने से पहले रख लें कैश, वरना झेलनी होगी परेशानी, No UPI Day पर व्यापारी संगठनों में मतभेद

पीएम मोदी से बात करते हुए भावुक हुए स्मित

प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार भावुक नजर आए। उन्होंने पीएम मोदी को अपना बड़ा आदर्श बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलेगा। स्मित ने कहा कि मुश्किल समय में प्रधानमंत्री का फोन उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। उन्होंने इस बातचीत के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

‘गिर गया था, लेकिन पता था कि उठना जरूरी है’

कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को विमान के अंदर हुए घटनाक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। वह गिर गए थे, लेकिन उन्हें पता था कि अगर वह दोबारा खड़े नहीं हुए तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है। उन्होंने बताया कि उस समय उनका पूरा ध्यान विमान में मौजूद लोगों की सुरक्षा पर था।

करीब 17 साल से विमान उड़ा रहे स्मित ने कहा कि पिछले कई वर्षों के उड़ान अनुभव की वजह से वह गंभीर स्थिति में भी यह समझ पा रहे थे कि विमान के साथ क्या हो रहा है और उन्हें अगला कदम क्या उठाना है। इसके बाद उन्होंने खुद को संभाला और कॉकपिट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा खुलने के बाद अन्य लोग भी कॉकपिट में पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली।

स्मित बोले- इस घटना में सभी ने निभाई भूमिका

कैप्टन स्मित ने इस पूरे घटनाक्रम का श्रेय केवल खुद को देने के बजाय विमान में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संकट के उस समय सभी ने अपनी-अपनी भूमिका निभाई और मिलकर स्थिति को संभालने में मदद की। उनके मुताबिक, उस वक्त उन्हें यह स्पष्ट था कि उन्हें क्या करना है और आखिरी कोशिश करना जरूरी है।

हमले के दौरान पढ़ रहे थे हनुमान चालीसा

बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने यह भी बताया कि मुश्किल परिस्थितियों में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। विमान में हमले के दौरान भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। उन्होंने बताया कि उस समय उनके मन में यात्रियों और विमान में मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा का विचार था। उन्होंने कहा कि वह किसी की जान नहीं जाने देना चाहते थे। इस अनुभव को उन्होंने अपने जीवन का बेहद कठिन क्षण बताया।

पीएम मोदी ने की साहस और सूझबूझ की तारीफ

प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी और संकट के समय उनके संयम की सराहना की। पीएम मोदी ने वीडियो कॉल के ज़रिए फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार से बात की और कई लोगों की जान बचाने में दिखाए गए उनके साहस, सूझ-बूझ और संयम की तारीफ़ की।

प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित से कहा, “पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है। आपके और आपकी सेहत के लिए महामृत्युंजय जाप किया जा रहा है। आपके साहस, सूझ-बूझ और संयम ने कई लोगों की जान बचाई। देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय वे नहीं हैं जो दूसरों की जान लेते हैं, बल्कि वे हैं जो दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने को तैयार रहते हैं।”

इस दौरान कैप्टन स्मित पीएम मोदी से बात कर भावुक होते हुए कहा कि-“सर, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे आपसे बात करने का मौका मिलेगा।” बहादुर कैप्टन स्मित मच्छार से बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अगर आप मेरे सामने भावुक नहीं होंगे, तो फिर कहाँ होंगे। आपने पूरे देश का मान बढ़ाया है। आपने इतना बेहतरीन काम किया है कि देश और दुनिया के लोग आपसे मिलने और बात करने के लिए बहुत उत्सुक हैं।

 

मां के संस्कारों का भी किया जिक्र

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने स्मित की मां गीता बेन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि परिवार से मिले संस्कार और भगवद्गीता की शिक्षाएं उनके व्यक्तित्व में दिखाई देती हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने स्मित के परिवार से भी संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली थी और भारतीय मिशनों की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया था।

CG News: महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सीएम साय ने किया नमन, पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

घटना के बाद अस्पताल में चल रहा इलाज

PM Modi Video Call: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कथित कॉकपिट हमले के दौरान कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हुए थे। विमान को आपात स्थिति में सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया था, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद स्मित का इलाज चल रहा है। उनकी बहादुरी और संकट के समय लिए गए फैसले की प्रधानमंत्री मोदी सहित कई स्तरों पर सराहना की गई है।
Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close