Raipur Central Jail: जेल तक पहुंच रहा नशा? सेंट्रल जेल के बाहर मंगौड़ी सेंटर से गांजा-नशीले सामान बरामद, सवालों के घेरे में जेल प्रहरी
रायपुर। Raipur Central Jail: रायपुर सेंट्रल जेल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। जेल के बाहर संचालित मंगौड़ी सेंटर में दबिश के दौरान गांजा समेत विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ और बड़ी मात्रा में नगदी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह सामान जेल के अंदर सप्लाई किए जाने की आशंका है। मिली जानकारी के मुताबिक, जेल प्रशासन की टीम ने मंगौड़ी सेंटर पर कार्रवाई करते हुए गांजा, तंबाखू, नशीली गोलियां और सितार गुटखा के करीब 400 पैकेट बरामद किए। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए जाने की बात सामने आई है।
जेल प्रहरी के संचालन वाले सेंटर में कार्रवाई
बताया जा रहा है कि मंगौड़ी सेंटर का संचालन राजेश वर्मा नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था, जो जेल प्रहरी के पद पर पदस्थ है। कार्रवाई के दौरान सेंटर से करीब 70 से 72 हजार रुपये की नगदी भी बरामद होने की जानकारी है। आरोप है कि जेल के बाहर स्थित इस सेंटर के माध्यम से नशीले पदार्थ जेल परिसर के अंदर पहुंचाए जाते थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी जेल विभाग की ओर से नहीं की गई है।
ऑनलाइन पेमेंट को लेकर भी जानकारी
सूत्रों के अनुसार, सेंटर पर होने वाले लेन-देन में ऑनलाइन भुगतान भी शामिल था। बताया जा रहा है कि जेल प्रहरी द्वारा ऑनलाइन पेमेंट अपनी बेटी के बैंक खाते में लिया जाता था। इस बिंदु की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान मन्नत पुरैना नामक एक अन्य जेल प्रहरी के पास से 15 पैकेट तंबाखू बरामद किए जाने की बात भी सामने आई है। इससे जेल के भीतर नशीले पदार्थों की पहुंच को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पिछले तीन दिनों से बंद है सेंटर
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद से मंगौड़ी सेंटर पिछले करीब तीन दिनों से बंद है। मामले में जेल प्रशासन की ओर से कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर क्या कड़ी कार्रवाई की गई है।
Cabinet Meeting:आज साय कैबिनेट की अहम बैठक,CGPSC सहित कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर
Raipur Central Jail: जानकारी के मुताबिक, मामले में नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन अभी तक किसी बड़ी विभागीय कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, गांजा, नशीली गोलियों की बरामदगी, जेल के अंदर सप्लाई और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े सभी आरोपों की जेल विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में विभागीय जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




