Advertisement
छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग-न्यूज़बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़महासमुंदमौसम

Mahanadi Water Level Rises: महानदी के बढ़ते जलस्तर से महासमुंद प्रशासन अलर्ट, 18 गांवों में कराया गया मुनादी, रेस्क्यू टीमें भी अलर्ट

महासमुंद। Mahanadi Water Level Rises:  प्रदेशभर में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जन जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जगह-जगह जल भराव की स्थिति देखने को मिल रही है। वहीं महासमुंद जिले से होकर गुजरने वाली महानदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए महासमुंद जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। धमतरी के गंगरेल बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने की सूचना के बाद महानदी से लगे 18 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को सावधान रहने और किसी भी परिस्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Mahadev Ghat Video: बारिश से हाहाकार…15 साल बाद डूबा महादेव घाट पुल, रायपुर-दुर्ग मार्ग पर आवागमन प्रभावित, देखें वीडियो

गंगरेल बांध के 14 गेट खोले गए

जानकारी के अनुसार, धमतरी स्थित गंगरेल बांध के 14 गेट खोले गए हैं। बांध से महानदी में करीब 3 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद महासमुंद जिले में महानदी के आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पानी छोड़े जाने की सूचना मिलते ही कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और महानदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

18 गांवों में पहुंचाई गई सूचना

कलेक्टर के निर्देश के बाद महानदी से लगे 18 गांवों में ग्रामीणों को सतर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने गांवों के सरपंचों के माध्यम से लोगों तक सूचना पहुंचाई है। इसके अलावा गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है। लोगों से नदी के आसपास जाने से बचने और जलस्तर में किसी भी तरह की असामान्य वृद्धि होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

रेस्क्यू टीमें अलर्ट मोड पर

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेस्क्यू टीमों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित हो सकने वाले प्रत्येक गांव में सुरक्षित स्थानों को पहले से चिन्हित किया गया है। जरूरत पड़ने पर इन स्थानों का इस्तेमाल ग्रामीणों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए किया जा सकेगा। संबंधित अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

36 घंटे से रुक-रुककर बारिश

महासमुंद जिले में पिछले करीब 36 घंटे से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के साथ गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना के बाद महानदी किनारे के इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि, प्रशासन के मुताबिक महासमुंद जिले से होकर गुजरने वाली महानदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य है। इसके बावजूद संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए एहतियाती तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Raipur News: स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के छत्तीसगढ़ दौरे पर सस्पेंस बरकरार, दिल्ली बैठक के बाद साफ होगी तस्वीर

कलेक्टर की लोगों से अपील

Mahanadi Water Level Rises: कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने को कहा है। प्रशासन का कहना है कि महानदी के जलस्तर और आसपास के इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close