CG NEWS:डिबेट की चुनौती से छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, BJP ने पोस्टर जारी कर भूपेश बघेल पर साधा निशाना

प्रविंस मनहर/रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर डिबेट और पोस्टर वार को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दी गई खुली बहस की चुनौती पर अब बीजेपी ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया है। बीजेपी ने भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए एक कार्टून पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में लिखा गया है “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे..बीजेपी ने इस पोस्टर के जरिए बघेल की डिबेट चुनौती पर तंज कसा है। दरअसल, इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरगुजा दौरे के दौरान कोल माइंस के मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को खुली बहस की चुनौती दी थी। बघेल ने कहा था कि मुख्यमंत्री उनके साथ आमने-सामने बैठकर इस मुद्दे पर बहस करें और वे दस्तावेजों और तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए तैयार हैं।अब बीजेपी ने इसी चुनौती को लेकर पलटवार किया है। बीजेपी की ओर से जारी पोस्टर में बघेल पर तंज कसते हुए दावा किया गया है कि पहले हुई बहस के बाद उनकी किरकिरी हुई और अब वे मुख्यमंत्री साय को बहस की चुनौती दे रहे हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया है कि बघेल कांग्रेस आलाकमान को खुश करने के लिए इस तरह की चुनौती दे रहे हैं।



