CG News: नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, दो अलग-अलग मामलों में करोड़ों का गांजा जब्त, चोरी-छिपे हो रही थी तस्करी
सूरजपुर/कोरिया। CG News: छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूरजपुर जिले में गांजे से भरी एक बस पकड़ी गई है, जिसमें करीब 20 क्विंटल गांजा बरामद होने की जानकारी सामने आई है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
Read More: Monsoon 2026: केरल पहुंचा मानसून, 1 सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना, कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तस्कर बस के जरिए गांजे की खेप को मध्य प्रदेश के कटनी जिले तक पहुंचाने की तैयारी में थे। बताया जा रहा है कि बस का इस्तेमाल मजदूरों के परिवहन के नाम पर किया जा रहा था, जबकि उसके भीतर बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने यह कार्रवाई जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बस को रोककर तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
इधर, सूरजपुर की कार्रवाई के कुछ ही समय बाद कोरिया जिले के बैकुंठपुर में भी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भडारपारा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 16.70 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर ग्राहकों को सप्लाई करने पहुंचा था। तलाशी में करीब 1.32 लाख रुपये मूल्य का गांजा और लगभग 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई।
Read More: Delhi Hotel Fire Update: मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में होटल मालिक गिरफ्तार, पूछताछ में बताया अन्य व्यक्ति को सौंपी थी होटल की जिम्मेदारी
CG News: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। लगातार सामने आ रहे नशा तस्करी के मामलों को देखते हुए पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





