Breaking news
Advertisement
Uncategorized

राजद नेता राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या, चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

मुन्ना चक इलाके में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने दागीं छह गोलियां, पुलिस जांच में जुटी

पटना: राजधानी पटना में बुधवार रात अपराधियों ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ता और नेता राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के मुन्ना चक इलाके में रात लगभग 10 बजे हुई, जब वे अपने घर के पास एक होटल से खाने का सामान खरीद रहे थे।

राघोपुर, वैशाली के निवासी और फिलहाल पटना में रह रहे राजकुमार राय को अपराधियों ने निशाना बनाया। चश्मदीदों के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलों पर आए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ छह राउंड गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल राय को तुरंत पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके से मिले खोखे, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए हैं। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों को मौके से भागते हुए देखा गया है। पटना पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चला है। “मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। यह राजनीतिक रंजिश, भूमि विवाद या किसी अन्य कारण से जुड़ा हो सकता है,” उन्होंने कहा। मृतक राजनीति के अलावा जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। पुलिस ने उनके ड्राइवर और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

राजद प्रवक्ता एजाज़ अहमद ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “राजकुमार राय पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनकी हत्या बेहद दुखद है। यह राज्य में कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।” करीबी सूत्रों के अनुसार, राजकुमार राय राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में भी जुटे थे। ऐसे में हत्या ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। घटना के बाद मुन्ना चक इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Advertisement
Tags

Editorjee News

I am admin of Editorjee.com website. It is Hindi news website. It covers all news from India and World. I updates news from Politics analysis, crime reports, sports updates, entertainment gossip, exclusive pictures and articles, live business information .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close