
रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में छतीसगढ़ कांग्रेस आज 22 जुलाई को पूरे राज्य में आर्थिक नाकेबंदी कर रही है। कांग्रेस राज्य सरकार, उद्योगपति अडानी और केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ 22 जुलाई को पूरे प्रदेश में आर्थिक नाकेबंदी करते हुए चक्काजाम करेंगी। इस संबंध में पिछले दिनों पार्टी की बड़ी बैठक में फैसला लिया जा चुका है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेसी दो घंटे (दोपहर 12 से 2 बजे) तक पांच संभागों के सभी प्रमुख मार्गों राष्ट्रीय राजमार्गों एवं राजकीय राजमार्गो पर चक्काजाम कर आर्थिक नाकेबंदी करेंगे। यह आर्थिक नाकेबंदी प्रदेश की जनता की ओर से छत्तीसगढ़ के संसाधनों की लूट का प्रतिकार होगा।
दीपक बैज ने कहा कि इस नाकेबंदी से एम्बुलेंस और स्कूल वाहनों को अलग रखा गया है। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की संपदा को बचाना है। रायपुर में मुंबई, कोलकाता नेशनल हाईवे पर वीआईपी चौक तेलीबांधा, बिलासपुर, रायपुर हाईवे पर सांकरा, आरंग, अभनपुर, तिल्दा, खरोरा में नाकेबंदी की जायेगी। इसी प्रकार प्रदेश के सभी शहरों में चक्का जाम नाकेबंदी होगी।

‘छत्तीसगढ़ की संपदा को लूट रहे अडानी’
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने आरोप लगाते हुए कहा की अडानी छत्तीसगढ़ की संपदा को लूट रहे हैं। उसका विरोध करने वालों के यहां ईडी की छापेमारी करवाया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र की गिरफ्तारी अडानी और भाजपा की साजिश है।आर्थिक नाकाबंदी कर भाजपा सरकार के संरक्षण में अडानी की ओर से यहां की खनिज संपदा को लूटा जा रहा है उसका विरोध होगा।
अडानी की गोद में बैठ गई बीजेपी सरकार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार अडानी की गोद में बैठ गई है। अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ के नागरिकों को जख्मी कर रही है। विरोध करने वालों के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी, एसीबी, ईओडब्ल्यू और स्थानीय पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है। लोकतंत्र में मिले आंदोलन के अधिकार को खत्म कर रही है। तानाशाही स्थापित कर रही है लेकिन कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता डरेंगे नहीं प्रदेश की समृद्धि, संस्कृति और संसाधनों को बचाने के लिए डटकर मुकाबला करेंगे, आर्थिक नाकेबंदी प्रदेश की खनिज संपदा को बचाने की मुहिम है, हमारा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
नेशनल हाइवे पर ये नेता करेंगे आंदोलन का नेतृत्व
- मैग्नेटो मॉल के पास हाइवे पर ( मुंबई-कोलकाता नेशनल हाईवे पर वीआईपी चौक तेलीबांधा) शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में
- विधानसभा रोड सकरी में नारायण कुर्रे व पप्पू बंजारे के नेतृत्व में
- दिलबाग ढाबा के पास, साकरा में सांसद छाया वर्मा व अनीता योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में
- अभनपुर मोहन ढाबा के पास जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू के नेतृत्व में
- आरंग रसनी के पास पूर्व विधायक शिवकुमार डहरीया के नेतृत्व में
- तिल्दा के दीनदयाल उपाध्याय चौक में कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी के नेतृत्व में
- बुडेरा आजाद चौक के पास खरोरा में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में
करोड़ों रुपए का शराब घोटाला, कांग्रेस ने कवासी को बनाया बलि का बकरा -बीजेपी

दूसरी तरफ राज्य के डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, कांग्रेस सरकार में करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है। इसमें कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। सरकार में मंत्री रहे कवासी लखमा अभी जेल में है। कांग्रेस ने कवासी लखमा को बलि का बकरा बनाया है, उन्होंने करोड़ों रुपए का घोटाला किया है। यह पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों को भी पता है।




