चुनावी रंजिश में बुजुर्ग की हत्या, आरोपियों ने कत्ल कर चारपाई के नीचे छुपाई लाश

हरियाणा। पानीपत जिले में पंचायत चुनाव हारने वाले पक्ष ने जीतने वाले पक्ष के परिवार के एक सदस्य की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब वह अपने खेत गया हुआ था। आरोपियों ने हत्या कर शव को खेत में बने कमरे में ही चारपाई के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 4 आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
सनौली थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव झांबा के रहने वाले श्याम ने बताया कि 12 दिसंबर की दोपहर करीब 2 बजे उसका बड़ा भाई सहीराम (54) अपने खेत में गया था। शाम 7 बजे श्याम अपनी ट्रांसपोर्ट से घर वापस आया। यहां आने के बाद उसने परिवार के सदस्यों व अपने बच्चों से पूछा कि तुम्हारे ताऊ ने खाना खा लिया। जिस पर पत्नी ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे खेत के बारे में बोलकर गए थे।
इसके बाद श्याम ने अपना बेटा समर व भतीजा बब्बू को सहीराम को खेत में देखने के लिए भेजा। जहां जाने के बाद समर ने कॉल कर बताया ताऊ की लाश खेत के कमरे में खून से लथपथ पड़ी हुई है। उसके ऊपर एक चारपाई बिछी हुई थी। श्याम ने कहा कि हत्या सुभाष त्यागी, संदीप, सीटू, नफीस निवासी गांव झांबा ने की है। आरोपियों ने चुनावी रंजिश रखते हुए उक्त वारदात को अंजाम दिया है।




