
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर ममता बनर्जी सरकार में मंत्री अखिल गिरि ने अभद्र टिप्पणी की है। जिसके बाद अब उनकी आलोचना हो रही है। उन्होंने नंदीग्राम में एक सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में कहा, हम लोग किसी को उनकी शक्ल-सूरत से नहीं आंकते। हम राष्ट्रपति की कुर्सी का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रपति कैसी दिखती हैं? अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
#WATCH | "We don't judge anyone by their appearance, we respect the office of the President (of India). But how does our President look?," says West Bengal Minister and TMC leader Akhil Giri in Nandigram (11.11.2022) pic.twitter.com/UcGKbGqc7p
— ANI (@ANI) November 12, 2022
भाजपा ने साधा निशाना
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने ममता बनर्जी और उनके मंत्री अखिल गिरि पर निशाना साधा है। भाजपा ने दावा किया कि जब अखिल गिरि ने राष्ट्रपति के खिलाफ यह यह टिप्पणी की तो ममता बनर्जी सरकार की महिला कल्याण विभाग की मंत्री शशि पंका भी वहां मौजूद थीं।
वहीं भाजपा नेता अमित मालवीय ने ट्वीट कर कहा, ममता बनर्जी की कैबिनेट में मंत्री अखिल गिरि ने राष्ट्रपति का अपमान किया है। मालवीय ने आगे कहा- ममता बनर्जी हमेशा आदिवासी विरोधी रही हैं। चुनाव में भी उन्होंने मुर्मू का समर्थन नहीं किया था। यह अभिव्यक्ति का शर्मनाक स्तर है।
सुवेंदु अधिकारी पर कर रहे थे तंज
अखिल गिरि की विवादित टिप्पणी तब सामने आई है, जब वह भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी पर हमला बोल रहे थे। उन्होंने कहा, सुवेंदु अधिकारी मेरे लिए कहते हैं कि मैं सुंदर नहीं हूं। वह कितने सुंदर हैं? हम लोगों को उनके रूप से नहीं आंकते।
भाजपा सांसद ने की गिरफ्तारी की मांग
इस बीच भाजपा सांसद सौमित्र खान ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखा है। उन्होंने टीएमसी नेता अखिल गिरि की गिरफ्तारी की मांग की है। इसके अलावा उन्हें विधायक पद से भी बर्खास्त किए जाने की मांग की है।




