Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान में मौत का सफर… गहरी खाई में बस गिरने से 40 लोगों की मौत, इतने घायल
इस्लामाबाद। Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आज शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा की सीमा के पास स्थित शेरानी जिले के धनसार क्षेत्र में हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस क्वेटा से डेरा इस्माइल खान के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान पहाड़ी मार्ग पर अचानक बस नियंत्रण खो बैठी और सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई। बलूचिस्तान सरकार के मीडिया एवं राजनीतिक मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में 40 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि आठ घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
Death By Lightning: जिले में आसमानी आफत का कहर…बिजली गिरने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत, पसरा मातम
Pakistan Bus Accident: हादसे की जानकारी मिलते ही बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के निर्देश पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। दोनों प्रांतों के जिला प्रशासन, पुलिस, रेस्क्यू 1122 और अन्य आपातकालीन एजेंसियों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बस का नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।




