Mother Kills Son: मर गई मां की ममता…छोटे बेटे के साथ मिलकर की बड़े बेटे की हत्या, पुलिस को गुमराह करने रची साजिश, ऐसे हुआ खुलासा
धमतरी। Mother Kills Son: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर बड़े बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Death By Lightning: जिले में आसमानी आफत का कहर…बिजली गिरने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत, पसरा मातम
जानकारी के अनुसार, घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम गोजी की है। पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव घर में फंदे से लटका मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन मौत की परिस्थितियां संदिग्ध होने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि नरसिंग साहू शराब का आदी था और अक्सर शराब पीने के लिए घरवालों से पैसों की मांग करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मां कमला बाई साहू (60) और छोटे भाई नरेश साहू (22) ने नारियल की रस्सी से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को आशंका थी कि युवक कहीं जीवित न बच जाए, इसलिए उन्होंने उसे कीटनाशक भी पिला दिया। इसके बाद हत्या को आत्महत्या साबित करने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया, ताकि किसी को उन पर शक न हो। मामले में अहम मोड़ तब आया जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला दबाकर सांस रुकने के कारण हुई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
Mother Kills Son: एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि मृतक की शराब की लत के कारण घर में अक्सर विवाद होता था। संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक की मां और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए साक्ष्यों को भी जब्त कर लिया गया है।




