Indore News: होटल के बंद कमरे में संदिग्ध हालत में मिला महिला का शव, व्यापारी के साथ पहुंची थी महिला, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर। Indore News: शहर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक होटल के कमरे से 32 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान सुखलिया क्षेत्र के सुंदर नगर मेन निवासी सोनाली शर्मा के रूप में हुई है।
सुबह व्यापारी के साथ होटल पहुंची थी महिला
पुलिस के अनुसार, सोनाली शर्मा बुधवार सुबह पाइप व्यापारी दीपक खंडेलवाल के साथ एलएक्स होटल में पहुंची थी। दोनों होटल के एक कमरे में रुके थे। बताया जा रहा है कि शाम के समय दीपक कमरे से बाहर निकल गया। इसके बाद काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि नजर नहीं आने पर होटल स्टाफ को संदेह हुआ। कर्मचारियों ने कमरे की स्थिति की जानकारी लेने के बाद पुलिस को सूचना दी।
बिस्तर पर मिला महिला का शव
सूचना मिलते ही तिलक नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच की तो सोनाली शर्मा बिस्तर पर मृत अवस्था में मिलीं। पुलिस के मुताबिक, महिला के मुंह से झाग निकल रहा था। इस आधार पर शुरुआती तौर पर जहर सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
Indore News: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमवाय अस्पताल भेज दिया है। मामले में होटल स्टाफ और महिला के साथ होटल पहुंचने वाले व्यक्ति से पूछताछ समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।




