Gariaband Crime News: नाले में मिली युवक की सड़ी-गली लाश, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
गरियाबंद। Gariaband Crime News: गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब सरगी नाला में एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला। शव सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कुछ दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Gariaband Crime News: यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला हत्या, आत्महत्या या किसी दुर्घटना का है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल फिंगेश्वर पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।




