Monsoon Update: लंबा हुआ मानसून का इंतजार, प्री-मानसून की गतिविधियां तेज, कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज
रायपुर। Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन का इंतजार और लंबा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की एंट्री के लिए अभी 3 से 4 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि इस दौरान प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं, जिससे कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान विशेष रूप से बिलासपुर संभाग में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बारिश की छिटपुट गतिविधियों के बावजूद उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं, लेकिन इसकी रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर और दुर्ग में 39.4 डिग्री, रायगढ़ में 39.2 डिग्री तथा मुंगेली में 38.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अंबिकापुर में 37 डिग्री और जगदलपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
Raipur News: छत्तीसगढ़ योग आयोग को मिला नया नेतृत्व, संजय अग्रवाल बने अध्यक्ष
Monsoon Update: मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके बावजूद लोगों को भीषण गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। मानसून के सक्रिय होने के बाद ही तापमान में व्यापक गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है।




